राजधानी में सूदखोरों का आतंकः कर्ज के 5 लाख की जगह सूदखोर मांग रहा डेढ़ करोड़, महिला 77 लाख दे चुकी, बोली- पति और बच्चे को किडनैप करने की धमकी दे रहा, सुसाइड के अलावा दूसरा रास्ता नहीं बचा

 भोपाल। राजधानी भोपाल में एक बार फिर सूदखोरों का आतंक देखने को मिला है। फायनेंस कंपनी में काम करने वाली महिला से सूदखोर 5 लाख के एवज में डेढ़ करोड़ की डिमांड कर रहा है। वहीं महिला अबतक 77 लाख रुपए दे चुकी है। बावजूद इसके सूखोर रितेश पांडे बचे हुए रकम देने की डिमांड कर रहा है। पैसे नहीं देने पर पति और बच्चे को किडनैप करने की धमकी दे रहा है। पीड़ित महिला पति के साथ पुलिस के पास पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। महिला ने कहा कि पैसा नहीं देने पर महिला के पति और बच्चे को अगवा कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसने कहा कि अब सुसाइड के अलावा दूसरा रास्ता नहीं बचा है। वहीं महिला की शिकायत पर पुलिस ने सूदखोर आरोपी रितेश पांडे के खिलाफ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 और 294, 384,506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

दरअसल पूरा मामला राजधानी भोपाल के अयोध्या नगर थाना क्षेत्र के न्यू मिनाल रेसीडेंसी इलाके का है। स्वाति रघुवंशी जाज फिनसर्व फायनेंस कंपनी में काम करती हैं। स्वाति ने पुलिस को बताया कि दिसंबर 2021 में रितेश पांडेय से 5 लाख रुपए उधार लिए थे। इसका वह 2% प्रति महीने के हिसाब से समय पर ब्याज भी चुका रही थी। कुछ समय बाद रितेश ने 5 लाख की जगह राशि बढ़ाकर 30 लाख रुपए कर दी। इसके साथ ही रितेश ने एग्रीमेंट पर दस्तखत भी करा लिए। 

इस दौरान कभी 2 लाख, तो कभी 3 लाख रुपए वसूलता रहा। पैसा नहीं देती, तो वह ऑफिस आ जाता था। रितेश मुझे सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देकर करीब 77 लाख रुपए वसूल चुका है। अब 1.5 करोड़ रुपए की मांग कर रहा है। रकम नहीं देने पर रितेश ने पति और बच्चे को अगवा कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। प्रताड़ित करने पर सुसाइड के अलावा दूसरा रास्ता नहीं बचेगा।

नवंबर 2021 में सूदखोरों के कारण 5 सदस्य़ों के एक परिवार ने कर लिया था सामूहिक सुसाइड   

बता दें कि नवंबर 2021 में सूदखोरों से परेशान होकर एक ही परिवार के 5 सदस्यों ने जहर खा लिया था।  न्यू अशोका विहार कालोनी आनंद नगर में रहने वाले संजीव जोशी (47), उनकी पत्नी अर्चना जोशी (45), संजीव की मां नंदनी (67), बेटी ग्रेशिमा (19) और छोटी बेटी पूर्वी जोशी (16) ने मिलकर पेय पदार्थ में मिलाकर गुरुवार रात को जहरीला पदार्थ पी लिया था। इंटरनेट मीडिया पर उनके वीडियो और सुसाइड नोट देखने के बाद रिश्तेदार और पुलिस निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके बाद एक-एक कर परिवार के सभी सदस्यों की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएम ने सूदखोरों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके राजधानी में सूदखोरों के आतंक की खबरे लगातार आ रही है।

No comments: